कुसमुंडा पुलिस को बड़ी सफलता: 6 चोरी की वारदातों का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी शामिल

मोबाइल, इनवर्टर, बैटरी, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी

कोरबा। थाना कुसमुंडा पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया है।

पुलिस ने एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ दो विधि-संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी उजागर की है।

आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर अविनाश कुमार यादव (18 वर्ष) निवासी कोसमंदा, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

जांच के दौरान थाना कुसमुंडा क्षेत्र में दर्ज पांच चोरी के मामलों तथा थाना उरगा क्षेत्र में मोबाइल दुकान चोरी के एक मामले का खुलासा हुआ। इनमें दुकानों और मकानों में सेंधमारी कर नकदी, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और अन्य सामग्री चोरी की गई थी।

पुलिस ने बताया कि अधिकांश घटनाओं में दो विधि-संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है, जिनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, इनवर्टर, बैटरी, कपड़े, जूते सहित अन्य घरेलू एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।