हसदेव डैम में युवती का शव मिलने से सनसनी,10 नंबर गेट के पास पानी में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र स्थित हसदेव डैम में मंगलवार सुबह एक युवती का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। डैम के 10 नंबर गेट के पास पानी में शव दिखाई देने पर मछुआरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची दर्री पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

मृतका की पहचान नंदनी मेहर (30 वर्ष), निवासी नीलगिरी सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार नंदनी सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी।

परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मंगलवार सुबह डैम में युवती का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बन गया।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

दर्री पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी हो तो पुलिस को अवश्य सूचित करें।