कोरबा। कटघोरा वनमंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धवलपुर में रविवार देर रात हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धवलपुर निवासी संतोष कुमार गोंड़ (40 वर्ष), पिता शिवमंगल सिंह, रविवार शाम अपनी भैंस की तलाश में जंगल की ओर गया था। देर रात करीब 9 बजे जंगल में उसका सामना विचरण कर रहे हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। सूचना मिलने पर ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने जंगल में तलाश की, जहां संतोष का शव बरामद किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। वहीं शेष 5 लाख 75 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता नियमानुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद प्रदान की जाएगी।
हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत
क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने तथा लोगों को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र में सतर्कता बरतने और हाथियों की गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

