वार्ड-5 धनवार पारा में सुनी गई ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा- प्रधानमंत्री के विचारों से मिलती है समाज को नई दिशा

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण रविवार को कोरबा नगर निगम के वार्ड क्रमांक-5 धनवार पारा में किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत विशेष रूप से शामिल हुईं और वार्डवासियों के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

धनवार पारा स्थित बूथ पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचारों और जनभागीदारी से जुड़े संदेशों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में हो रहे सकारात्मक और प्रेरणादायी कार्यों को सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इससे समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार होता है। उन्होंने कहा कि कोरबा नगर निगम भी स्वच्छता, जल संरक्षण और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने भी प्रधानमंत्री के संबोधन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनके विचार समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर पूर्व महापौर जागेश लांबा, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष योगेश जैन, पार्षद धनश्री साहू, उर्वशी राठौर, दीपा राठौर, परविंदर सिंह, राम सिंह ठाकुर, ईश्वर सिंह ठाकुर, गिरीश नामदेव, भुवनेश्वर देवांगन, केडी वैष्णो, रमेश पोद्दार, सफल दास महंत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में महापौर ने सभी नागरिकों से ‘मन की बात’ में बताए गए विषयों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।