नशा है नाश की जड़, ब्रह्माकुमारीज ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाकर बताए नशे के दुष्परिणाम

कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न संस्थाओं और प्रशासनिक इकाइयों द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में ब्रह्माकुमारीज संस्था ने भी व्यापक अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।

संस्था की ओर से पाली, गेवरा और कोरबा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक हानियों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, स्वास्थ्य और परिवार की खुशियों को नष्ट कर देता है। इसके विपरीत आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग ध्यान और नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवन व्यक्ति को आत्मबल, सकारात्मक सोच और सही निर्णय लेने की शक्ति प्रदान करता है।

संस्था के प्रतिनिधियों ने लोगों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और स्वस्थ, सुखी तथा संस्कारवान समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं नागरिक शामिल हुए।