सुबह हुआ था विवाद, दोपहर में सोते समय उतारा मौत के घाट; आरोपी फरार
कोरबा। शहर के व्यस्त ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे सोमवार दोपहर एक हमाल की हत्या से सनसनी फैल गई। चबूतरे पर सो रहे व्यक्ति के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है, जो हमाली का काम करता था और खानाबदोश जीवन व्यतीत करता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुबह राजेश और उसके साथ रहने वाले एक अन्य हमाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
दोपहर में राजेश ओवरब्रिज के नीचे बने चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और डंडे से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर हत्या की वजह सुबह हुआ विवाद माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
व्यस्त इलाके में हत्या से फैली दहशत
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को व्यवस्था संभालनी पड़ी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

