KORBA: नारी राग-रंग महोत्सव में महिलाओं ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) कोरबा क्षेत्र के अंतर्गत सेंट्रल वर्कशॉप के आकृति महिला मंडल द्वारा दो दिवसीय नारी राग-रंग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल की अध्यक्ष नम्रता द्विवेदी ने किया।

महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए गायन, वादन, नृत्य, मेहंदी, चित्रकला सहित विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष नम्रता द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं को घरेलू और व्यावसायिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी आवश्यक है।ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सामाजिक सहभागिता के अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि महिला मंडल समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता है, ताकि महिलाओं की रचनात्मक क्षमताओं को मंच मिल सके और वे अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीमा राय, श्रद्धा गुप्ता, अर्चना दुबे सहित अन्य महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महोत्सव में प्रतिभागियों के उत्साह और प्रस्तुति ने आयोजन को यादगार बना दिया।