20 दिनों से लापता थी युवती, शव के पास मिली जहर की शीशी;जांच में जुटी पुलिस
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल में रविवार को एक 20 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्गम एवं घने जंगल क्षेत्र होने के कारण पुलिस टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार नवाडीह के सरपंच प्रतिनिधि राय सिंह कंवर ने जंगल में एक युवती का शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान सपना धनुवार (20 वर्ष), पिता हरिराम धनुवार के रूप में की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सपना पिछले लगभग 20 दिनों से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाना में दर्ज कराई गई थी और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव के पास से जहर की एक शीशी भी बरामद हुई है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। हालांकि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
बालको पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

