चंद रुपयों में खप रहा कीमती सामान, सुराकछार खदान में सुरक्षा गार्डों पर हमला
कोरबा। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की सख्ती के बावजूद एक बार फिर कबाड़ सिंडिकेट सक्रिय होता नजर आ रहा है। शहर से लेकर कोयलांचल और वनांचल क्षेत्रों तक अवैध कबाड़ खरीद-फरोख्त का नेटवर्क फैलने लगा है, जिससे चोरी की घटनाओं में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सरकारी और निजी संपत्तियों से चोरी किए गए कीमती सामानों को चंद रुपयों में अवैध कबाड़ियों के पास खपाया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि घरों, दुकानों और औद्योगिक क्षेत्रों से चोरी होने वाले सामानों की खरीद-बिक्री खुलेआम हो रही है, जबकि कार्रवाई का असर धीरे-धीरे खत्म होता दिखाई दे रहा है।
पिछले दिनों जिला पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ कारोबार और डीजल चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई की गई थी। इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि कबाड़ सिंडिकेट पर प्रभावी अंकुश लगेगा, लेकिन हालात फिर पुराने ढर्रे पर लौटते नजर आ रहे हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई कबाड़ अड्डे फिर से सक्रिय बताए जा रहे हैं।
सुराकछार खदान में चोरों का हमला, दो सुरक्षा गार्ड घायल
इधर, सुराकछार क्षेत्र की 3/4 घुड़देवा खदान में चोरी की कोशिश के दौरान सुरक्षा कर्मियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सुरक्षा प्रभारी अरविंद द्वारा बांकीमोंगरा थाना में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार 26-27 जून की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे कुछ अज्ञात लोग चोरी की नीयत से खदान परिसर में घुस गए।
ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए सुरक्षा गार्ड विश्वनाथ राठौर और चेतन प्रसाद के साथ मारपीट कर दी। घटना में दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एसईसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिकायत के आधार पर बांकीमोंगरा पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 221, 3(5) एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कबाड़ कारोबार और चोरी के बीच संबंध पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं और अवैध कबाड़ कारोबार के बीच संबंध को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अवैध कबाड़ खरीदने वालों पर सख्ती से कार्रवाई हो तो चोरी की घटनाओं में स्वतः कमी आ सकती है। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से अवैध कबाड़ अड्डों की पहचान कर उनके लाइसेंस एवं संचालन की जांच करने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

