‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी का भव्य आयोजन,भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में 135 युवा और 135 महिलाओं ने सुना प्रधानमंत्री का संदेश

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी का रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में 135 युवा एवं 135 महिलाओं सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रधानमंत्री के प्रेरक विचारों को सुना।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों ने एकाग्रता और उत्साह के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन का श्रवण किया।

आयोजन की विशेषता यह रही कि ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी के अवसर पर 135 युवा और 135 महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई, जिससे कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और जनजागरण का वातावरण बना रहा।

मिट्टी के गणेश और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा आगामी गणेशोत्सव में प्लास्टर ऑफ पेरिस की जगह मिट्टी से बनी पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाओं के उपयोग की अपील का समर्थन किया। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देते हुए स्थानीय उत्पादों को अपनाने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक नागरिक से अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।


‘मन की बात’ सकारात्मक बदलाव का माध्यम
प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री के विचार युवाओं और महिलाओं को राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता, सेवा और नवाचार की दिशा में प्रेरित करते हैं।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल एवं आरती अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के दौरान ‘मन की बात’ पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, विकास अग्रवाल, आरती अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, प्रदीप सिंह, अविनाश दुबे, सूरज पांडेय, राहुल नवनीत शुक्ला, संजीव शर्मा, उदय श्रीवास्तव, अंजना सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।