कर्मचारी हितों पर एमडी से हुई चर्चा, 500 तकनीकी पदों पर भर्ती का मिला आश्वासन

भारतीय मजदूर संघ ने पदोन्नति सहित विभिन्न मुद्दे उठाए, प्रबंधन ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया

कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार के हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम दौरे के दौरान भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने वर्ष 2004 के न्यायालयीन निर्देशों के अनुरूप विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों की पदोन्नति किए जाने पर प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल बना है।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार ने संगठन को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में लगभग 500 तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती तथा फायर एवं सुरक्षा विभाग में रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया भी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।

एमडी ने कर्मचारी हितों से जुड़े अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा के लिए संगठन के प्रतिनिधियों को मुख्यालय डगनिया (रायपुर) आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर संगठन के पदाधिकारी किसी भी समय उनसे मिलकर चर्चा कर सकते हैं।

बैठक में भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल,पूर्णिमा साहू,सी.एस.दुबे,केदारनाथ राठौर, के.एन.यादव,सी.एल.ठाकुर,हेतराम खूंटे,जी.पी.राजवाड़े, सुभाष वर्मा, विश्वास पटेल, महेश गौतम, रमेश साहू, संदीप राठौर, अमर सिंह राठौर, पवन ठाकुर, सिद्धार्थ पांडेय सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संघ ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर शीघ्र अमल होगा, जिससे कर्मचारियों के हितों को और मजबूती मिलेगी।