कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर घरेलू प्रताड़ना और दूसरी शादी करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता की शिकायत के बाद मामले को जांच में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार जंगल साइड बांकीमोंगरा निवासी शिवानी उर्फ शिवकुमारी (38 वर्ष) ने थाने में लिखित शिकायत देते हुए बताया कि लगभग 12 वर्ष पूर्व उसका विवाह शिव कुमार चौहान, निवासी रामपुर कटघोरा से हुआ था। विवाह के बाद से ही पति द्वारा छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना दी जाती रही।
महिला का आरोप है कि कई बार उसके साथ विवाद कर घर का सामान फेंका गया और उसे घर से बाहर भी निकाल दिया गया।
पीड़िता ने बताया कि उसकी 9 वर्षीय पुत्री है, जिसके पालन-पोषण और शिक्षा का पूरा खर्च वह स्वयं उठा रही है। आरोप है कि पति द्वारा बेटी के भरण-पोषण के लिए किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं दी जाती।
महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि 2 मई 2026 को उसके पति ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना दूसरी महिला से कोर्ट मैरिज कर ली और उसे घर लेकर आ गया। इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान है।
पीड़िता ने थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

