मोबाइल टॉवर से हजारों का सामान चोरी, संचार व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका

बीएसएनएल के 4-जी टॉवर को बनाया निशाना, केबल काटकर ले गए अज्ञात चोर

कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अरेतरा स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के 4-जी सैचुरेशन प्रोजेक्ट टॉवर में चोरी की वारदात सामने आई है।

अज्ञात चोरों ने टॉवर से विद्युत एवं सोलर सिस्टम में उपयोग होने वाली केबलें चोरी कर लीं, जिससे संचार व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टॉवर में कार्यरत तकनीशियन विक्रम कुमार बियार ने थाना लेमरू में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 26 जून की रात लगभग 12:15 बजे टॉवर अचानक बंद हो गया था। अगले दिन सुबह करीब 9:30 बजे निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचने पर टॉवर से कई महत्वपूर्ण केबलें गायब मिलीं।

चोर बैटरी केबल (70 स्क्वेयर मीटर, लाल-काला), अर्थिंग केबल (10 स्क्वेयर मीटर) तथा सोलर केबल (6 स्क्वेयर मीटर, लाल-काला) चोरी कर ले गए। चोरी गई केबलों की लंबाई लगभग 10-10 मीटर बताई गई है।

तकनीशियन के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये है। घटना के बाद टॉवर की कार्यप्रणाली प्रभावित हुई है, जिससे क्षेत्र में नेटवर्क सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

पीड़ित की शिकायत पर थाना लेमरू में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्थापित टावरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।