राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, मंत्री लखनलाल ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद

जिले के 1.72 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक देने का लक्ष्य, 1578 बूथों पर विशेष व्यवस्था

कोरबा। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिले में वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम, आबकारी तथा सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया। इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षद रूबी सागर सहित जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी संभव है जब कोई भी बच्चा इससे वंचित न रहे।

मंत्री ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 72 हजार 423 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 1578 पल्स पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बच्चों को दवा पिलाई जा रही है। इसके अलावा गांवों, पारा-मोहल्लों, वार्डों, चौक-चौराहों, बाजारों और हाट-बाजारों में भी विशेष व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में देश और प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। अभियान के दौरान यदि कोई बच्चा बूथ पर दवा पीने से छूट जाता है तो स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर उसे पोलियो रोधी खुराक उपलब्ध कराएगी।

इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद नरेन्द्र देवांगन तथा प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल ने भी अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की।

कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने नवजात शिशुओं सहित पांच वर्ष तक के बच्चों को स्वयं पोलियो की खुराक पिलाई। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकताओं को देखते हुए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से शेड सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में भी जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।