मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन ग्रामीणों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत

भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा, चालक फरार; क्षेत्र में शोक की लहर

जांजगीर-चांपा। कोरबा जिले से लगे जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक हृदय विदारक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी स्थित भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वाहन चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों ग्रामीण रोजाना की तरह सुबह टहलने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान केदार निर्मलकर, दिलहरन वैष्णव तथा ग्राम कोरबी निवासी एक अन्य ग्रामीण के रूप में की गई है।

घटना की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज गति से वाहनों का संचालन लगातार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।