पूर्व पत्नी को एयर गन दिखाकर धमकाया, आरोपी और मामा गिरफ्तार

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हंड्रेड बेड कॉलोनी में पूर्व पत्नी को एयर गन दिखाकर धमकाने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बिलासपुर निवासी सतीश कश्यप का अपनी पत्नी से कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाक हो चुका है। इसके बावजूद वह हंड्रेड बेड कॉलोनी स्थित महिला के घर पहुंच गया। यहां तलाक से जुड़े मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

पीड़िता के परिजनों के अनुसार, आरोपी अपनी मां और मामा के साथ पहले बातचीत के लिए आया था। लिखापढ़ी और चर्चा के बाद सभी लोग वापस चले गए, लेकिन कुछ देर बाद सतीश फिर महिला के घर पहुंच गया। उस समय महिला खुद को कमरे में बंद किए हुए थी। आरोपी उससे मिलने की जिद करने लगा। जब महिला बाहर निकली तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान सतीश कश्यप ने अपने पास मौजूद एयर गन दिखाकर महिला को डराने-धमकाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सतीश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में सहयोग करने के आरोप में उसके मामा को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई करती है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

बताया जा रहा है कि दोनों की लगभग एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह हुआ था, लेकिन बाद में संबंधों में विवाद बढ़ने के कारण दोनों का तलाक हो गया था। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।