ड्रोन निगरानी के बीच माइनिंग विभाग का सघन अभियान जारी
कोरबा। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। शनिवार रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान खनिज विभाग की फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने जिले के 14 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की।
अभियान में अवैध रेत परिवहन करते पाए गए एक टीपर और एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित चार खनिज जांच दलों ने सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सरईसिंगार, कुचना मोड़, बरबसपुर, कटबिटला, भैसामुड़ा, राहड़ी, मुनगड़ी, आमाखोखरा, कसानिया, लखनपुर और धवईपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान बरमपुर और पाली क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक टीपर और एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से क्रमशः हरदीबाजार थाना और पाली थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है।
अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम-1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम-2015 तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अब ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है, जिससे अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी नजर रखी जा सके और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

