निगम की जांच में दस्तावेज नहीं मिले वैध, पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
कोरबा। भाजपा नेता शिव बालक सिंह तोमर पर जानलेवा हमले और हत्या के प्रयास के मामले में मुख्य आरोपी जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
एक ओर जहां पुलिस ने आपराधिक मामले में कानूनी शिकंजा कसा है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम ने उसके कथित अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया।
जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी मुख्य मार्ग स्थित रेत घाट के सामने रज्जाक अली द्वारा दो मंजिला भवन का निर्माण कराया गया था। भवन का प्रथम तल लगभग पूर्ण हो चुका था, जबकि ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य जारी था। नगर निगम द्वारा निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें निर्माण नियमानुसार नहीं पाया गया।
इसके बाद निगम प्रशासन ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शनिवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई से पहले भवन में मौजूद सामानों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिसके बाद जेसीबी मशीनों की सहायता से ढहाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। क्षेत्र में यह चर्चा भी होती रही कि इतना बड़ा निर्माण लंबे समय तक कैसे होता रहा और निगम प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा नेता पर हमला नहीं हुआ होता तो संभवतः इस निर्माण की जांच भी नहीं होती।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस द्वारा भाजपा नेता पर हमले के मामले में भी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

