नवीनीकृत जुबली पार्क जनता को समर्पित, विकास को मिलेगा नया आयाम

मंत्री लखनलाल देवांगन बोले- बालको की पहल क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक

कोरबा। बालको द्वारा सिविक सेंटर स्थित नवीनीकृत जुबली पार्क का लोकार्पण शनिवार को प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने किया। इस अवसर पर बालको के सीईओ राजेश कुमार सिंह, पार्षद हितानंद अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि नवीनीकृत जुबली पार्क हरित वातावरण, योग एवं वॉकिंग ट्रैक तथा बच्चों के लिए विकसित आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से सभी आयु वर्ग के लोगों को लाभान्वित करेगा। उन्होंने कहा कि बालको ने सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, महिला सशक्तिकरण और अन्य जनकल्याणकारी कार्यों के जरिए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। औद्योगिक विकास से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक और नागरिक अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। नवीनीकृत जुबली पार्क इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो नागरिकों को स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामुदायिक सहभागिता के लिए उत्कृष्ट सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराएगा।

महापौर संजू देवी राजपूत ने भी बालको की जनहितकारी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्य आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक साबित हो रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1990 में बालको की रजत जयंती के अवसर पर स्थापित जुबली पार्क का पुनर्विकास कर इसे आधुनिक स्वरूप दिया गया है।

पार्क में बच्चों के लिए सुरक्षित खेल उपकरण, ओपन जिम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विश्राम क्षेत्र, योग एवं ध्यान मंच तथा आकर्षक वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। यह पार्क आने वाले समय में स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।