सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान, 105 बस चालकों- परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण व आई टेस्ट

आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त पहल, बसों की फिटनेस व सीसीटीवी व्यवस्था की भी हुई जांच

कोरबा। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा टी.पी. नगर स्टेडियम में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के 105 बस चालक एवं परिचालकों का नेत्र परीक्षण (आई टेस्ट) सहित संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बस चालकों की शारीरिक क्षमता, दृष्टि एवं स्वास्थ्य स्थिति की जांच की गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके। इसके साथ ही यात्री बसों की फिटनेस, आवश्यक सुरक्षा मानकों और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की भी जांच की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नीतीश ठाकुर ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की समझाइश दी। वहीं डीएसपी डी.के. सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और वाहन फिटनेस जांच बेहद आवश्यक है।

शिविर में आरटीओ अतुल असैया,एएसआई मनोज राठौर,ईश्वरी लहरे ,सदानंद जांगड़े, संजय वस्त्रकार सहित जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों की टीम उपस्थित रही।

चिकित्सकों ने चालकों और परिचालकों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया।

अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बन सके।