पूर्व पार्षद की पुत्री ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, क्षेत्र में शोक की लहर

12वीं के परिणाम से तनाव में होने की आशंका, पुलिस कर रही मामले की जांच

कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढोढ़ीपारा भैंसखटाल में पूर्व नगर निगम पार्षद धनसाय साहू की 18 वर्षीय पुत्री मेघा साहू ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मेघा साहू कक्षा 12वीं की छात्रा थी और परिवार की बड़ी बेटी थी। परिजनों एवं पड़ोसियों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी।

बताया जा रहा है कि 12वीं का परीक्षा परिणाम उसकी अपेक्षानुसार नहीं आया था, जिसके बाद से वह काफी परेशान रहने लगी थी। प्रारंभिक तौर पर इसी तनाव को घटना का कारण माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

मेघा की असामयिक मृत्यु से पूर्व पार्षद धनसाय साहू के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहल्ले के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

क्षेत्र में दिनभर इस घटना की चर्चा होती रही।

यह घटना छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव की ओर भी संकेत करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा परिणाम जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं होता और कठिन समय में परिवार, मित्रों तथा शिक्षकों का सहयोग युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।