दर्री रोड की दो दुकानों के शटर अटास कर चोरी, भैसमा स्थित होटल में भी घुसे चोर; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
कोरबा। शहर में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं ने व्यापारियों और आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दर्री रोड स्थित दो प्रतिष्ठानों में चोरी की जानकारी सामने आई। वहीं उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा बाजार चौक स्थित एक होटल में भी चोरों ने देर रात सेंधमारी कर वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड में संचालित विशाल ट्रेडर्स और संतोष ट्रेडर्स को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। दर्री रोड व्यापारी संघ के अध्यक्ष गजानंद अग्रवाल ने सुबह विशाल ट्रेडर्स का क्षतिग्रस्त शटर देखकर इसकी सूचना दुकान संचालक को दी। जांच में पता चला कि चोरों ने शटर को करीब डेढ़ फीट तक उठाकर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की थी।
विशाल ट्रेडर्स में बर्थडे एवं गिफ्ट सामग्री का कारोबार होता है। यहां चोर गोदाम तक पहुंच तो गए, लेकिन मुख्य दुकान तक नहीं पहुंच सके, जिससे उन्हें कोई खास सामान हाथ नहीं लगा। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं, जिनमें एक का चेहरा खुला हुआ था जबकि दूसरे ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था। यह वारदात रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है।
इसके बाद चोर संतोष ट्रेडर्स पहुंचे और वहां गल्ले में रखी लगभग 10 से 15 हजार रुपए की नकदी पार कर दी। इस दौरान दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे ढंक रखे थे। दोनों दुकानों में हुई चोरी की घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने डॉग स्क्वाड की भी मदद ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा बाजार चौक स्थित महामाया होटल में भी देर रात करीब 3:50 बजे दो चोर घुस गए। होटल में चोरी की यह घटना भी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

