जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को मिले मानदेय और कर्तव्य प्रमाण पत्र: शिक्षक फेडरेशन

ग्रीष्मावकाश में राष्ट्रीय दायित्व निभाने वाले प्रगणक व पर्यवेक्षक शिक्षकों के हित में प्रशासन से मांग

कोरबा। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्य में लगे शिक्षकों को मानदेय एवं कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी करने की मांग प्रशासन से की है। फेडरेशन का कहना है कि जिले के सैकड़ों शिक्षकों ने अपने ग्रीष्मावकाश के दौरान राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया है।

फेडरेशन के प्रदेश पदाधिकारी विपिन यादव ने बताया कि कोरबा जिले के प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के अनेक शिक्षक प्रगणक और पर्यवेक्षक के रूप में जनगणना कार्य में लगे रहे। उन्होंने अवकाश अवधि में शासकीय दायित्वों का निर्वहन किया, इसलिए उन्हें नियमानुसार मानदेय और कर्तव्य प्रमाण पत्र प्रदान किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार विश्रामावकाश के दौरान शासकीय कार्य करने वाले शिक्षकों को अर्जित अवकाश का लाभ दिया जाता है। इसके लिए संबंधित शिक्षकों को कर्तव्य प्रमाण पत्र जमा करना आवश्यक होता है। यदि प्रमाण पत्र समय पर जारी नहीं किए गए तो शिक्षकों को उनके वैधानिक लाभ प्राप्त करने में कठिनाई होगी।

फेडरेशन ने कलेक्टर एवं जनगणना आयुक्त से मांग की है कि जनगणना कार्य में शामिल सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक शिक्षकों को बिना विलंब कर्तव्य प्रमाण पत्र और निर्धारित मानदेय उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें उनके कार्य का उचित सम्मान और लाभ मिल सके।