कोरबा। सद्गुरु कबीर साहेब के 629वें प्राकट्य उत्सव के अवसर पर रविवार को कोरबा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कोसाबाड़ी स्थित कबीरबाग से प्रारंभ हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन, महंत, दीवान एवं श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।
शाम 5 बजे कबीरबाग से कबीर साहेब की आकर्षक झांकी, कर्मा दल तथा सुसज्जित रथ में सवार महंत-दीवानों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए यात्रा कबीर भवन पहुंची, जहां पारंपरिक चौका-आरती एवं महाआरती का आयोजन किया गया।
प्राकट्य उत्सव के अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों तथा कबीर साहेब के विचारों और ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने वाले महंतों एवं दीवानों का सम्मान किया गया। दोहा एवं पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों, यूट्यूबर एवं फिल्म निर्माता आनंद मानिकपुरी तथा दीपा महंत को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संवेदना ब्लड कंपोनेंट सेंटर द्वारा निशुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, वहीं डॉ. संजय मानिकपुरी द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में लोगों की जांच की गई। विभिन्न ब्लॉकों, सोसायटियों के पदाधिकारियों एवं मातृ शक्तियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद सुभाष राठौर, नारायण दास, सांसद प्रतिनिधि पोषक दास महंत, जिला अध्यक्ष संतोष दास तथा प्रदेश सचिव महिला प्रकोष्ठ सुचित्रा संजय मानिकपुरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कबीर चौरा स्थल पर मानिकपुरी कबीरपंथी समाज के लिए 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की। समाजजनों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समाजजनों और स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

