कोरबा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर सामने आ रही शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जनदर्शन में किसानों और ग्रामीणों द्वारा पेट्रोल पंपों में ईंधन नहीं मिलने तथा अनियमितताओं की शिकायत किए जाने के बाद कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को आयोजित जनदर्शन में विष्णु कुमार यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि पाली विकासखंड के सुपेतपारा, रेंकी और अण्डीकछार क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने पेट्रोल पंप संचालन में अन्य अनियमितताओं की शिकायत भी प्रशासन के समक्ष रखी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को तत्काल जांच कर वस्तुस्थिति का परीक्षण करने तथा शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जनदर्शन में कुल 149 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सीमांकन, मुआवजा भुगतान, रोजगार, दिव्यांग सहायता, बिजली आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, कृषक पंजीयन, वनाधिकार पट्टा, नक्शा सुधार, पेयजल व्यवस्था और छात्रवृत्ति से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं।
इसी दौरान ग्राम नवागांव कटघोरा निवासी महेश्वर नाथ सहिस ने आर्थिक सहायता की मांग करते हुए आवेदन दिया।
उन्होंने बताया कि पत्नी की बीमारी से मृत्यु हो चुकी है और स्वयं दुर्घटना में घायल होने के कारण काम करने में असमर्थ हैं। कलेक्टर ने उनकी पुत्री को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में रिक्त सीट होने पर प्रवेश दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

