देवरी-कोराई मार्ग बाधित होने की आशंका,राजेश यादव ने दी आंदोलन की चेतावनी
कोरबा । कटघोरा विकासखंड के ग्राम देवरी में लगभग एक वर्ष पूर्व क्षतिग्रस्त हुआ पुल आज भी पुनर्निर्माण की प्रतीक्षा कर रहा है। बरसात का मौसम शुरू होने से पहले भी पुल निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने इस मामले में शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
राजेश यादव ने बताया कि उन्होंने 19 मई 2026 को सुशासन तिहार के दौरान लिखित आवेदन देकर देवरी-कोराई एवं देवरी-चाकाबुड़ा मार्ग पर आवागमन की समस्या से प्रशासन को अवगत कराया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि बरसात शुरू होते ही पुल पर डाली गई मिट्टी बह सकती है, जिससे दोनों ओर का संपर्क पूरी तरह टूट जाएगा और कोराई ग्राम पंचायत सहित कई गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पुल के क्षतिग्रस्त होने का सबसे अधिक असर स्कूली विद्यार्थियों पर पड़ेगा। बुंदेली, कसाईपाली, चाकाबुड़ा और आसपास के गांवों से देवरी स्थित स्कूलों में पढ़ने आने वाले बच्चों को बरसात के दौरान करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है। इससे उनकी पढ़ाई और नियमित उपस्थिति प्रभावित होगी।
राजेश यादव ने कहा कि यह केवल एक पुल का मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ा गंभीर मामला है। पुल के अभाव में किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में कठिनाई होगी, मरीजों को अस्पताल जाने में परेशानी आएगी और कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट सकता है।
उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य शासन से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले तत्काल नए पुल निर्माण की स्वीकृति देकर कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं और जनसुविधाओं में बाधा से बचा जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

