हस्ताक्षर अभियान से कर्मचारियों को किया जा रहा एकजुट, संयुक्त संघर्ष की तैयारी
कोरबा। छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली सहित कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है।
आंदोलन के प्रथम चरण में पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर एवं जनसंपर्क अभियान चलाकर कर्मचारियों को एकजुट किया जा रहा है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, समयबद्ध पदोन्नति, रिक्त पदों पर भर्ती तथा अन्य सेवा संबंधी अधिकार शामिल हैं।
इन मांगों को लेकर 1 जून से 30 जून तक हस्ताक्षर अभियान एवं जनसंपर्क कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
महासंघ के कार्यकर्ता और पदाधिकारी विभिन्न विद्युत कार्यालयों एवं परियोजनाओं में पहुंचकर कर्मचारियों से संपर्क कर रहे हैं तथा आंदोलन के उद्देश्यों और मांगों की न्यायसंगतता से उन्हें अवगत करा रहे हैं।
महासंघ का कहना है कि पुरानी पेंशन योजना केवल आर्थिक लाभ का विषय नहीं है, बल्कि कर्मचारियों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना हर कर्मचारी का अधिकार है।
महासंघ ने कहा कि कर्मचारियों की आवाज को शासन और प्रबंधन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए आंदोलन को व्यापक रूप दिया जा रहा है। इसी बीच प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा संयुक्त एकता मंच के गठन की पहल का भी महासंघ ने स्वागत किया है।
महासंघ का मानना है कि सभी कर्मचारी संगठन यदि एक मंच पर आकर संघर्ष करें तो कर्मचारियों की मांगों को और अधिक मजबूती मिलेगी। संगठन ने सुझाव दिया है कि संयुक्त एकता मंच महासंघ द्वारा पहले से घोषित आंदोलन कार्यक्रम और तिथियों के अनुरूप अपने कार्यक्रम संचालित करे, ताकि कर्मचारी हितों के लिए चल रहे आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल सके।
महासंघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि एकजुट होकर किए गए आंदोलन से कर्मचारियों की मांगों को बल मिलेगा और शासन व प्रबंधन तक एक मजबूत संदेश पहुंचेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

