तिलकेजा-आमापाली मार्ग पर हादसा, चालक फरार; मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
कोरबा।जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्ति मुख्य मार्ग पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक्टिवा सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
जानकारी के अनुसार तिलकेजा और आमापाली गांव के बीच शक्ति मुख्य मार्ग पर यह दुर्घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक्टिवा सवार युवक कोरबा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक सड़क पर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और उरगा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की अब तक औपचारिक पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक के रायगढ़ जिले के पटेलपाली क्षेत्र निवासी गजानन चौहान होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस परिजनों से संपर्क कर पहचान की पुष्टि करने का प्रयास कर रही है।
उरगा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के बाद दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
इस हादसे के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के मामलों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

