1700 से अधिक परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, जांच के बाद मिला प्रवेश
कोरबा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन रविवार को कोरबा जिले के चार परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। परीक्षा में 1700 से अधिक परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया गया।
नीट परीक्षा से जुड़े विवादों और पेपर लीक प्रकरण के बाद इस बार प्रशासन विशेष रूप से सतर्क रहा। जिले में पीजी कॉलेज कोरबा, एकलव्य विद्यालय छुरीकला तथा बालको क्षेत्र के दो विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सुबह 11 बजे तक परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज कराई गई, जिसके बाद निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने पहले से व्यापक तैयारियां की थीं। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। केंद्राध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूरी तरह निषिद्ध रही। अभ्यर्थियों को केवल निर्धारित लेखन सामग्री के साथ ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति मिली।
परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनाए रखी गई ताकि अभ्यर्थी समय पर अपने केंद्रों तक पहुंच सकें।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
