उरगा पुलिस की कार्रवाई, लाखों की संपत्ति बरामद कर आरोपियों को भेजा जेल
कोरबा। कोरबा जिले की पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए जेवरात और टाटा मैजिक वाहन बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पहले मामले में उरगा थाना क्षेत्र निवासी संतोषी साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर नगदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को युवराज कुमार पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसके कब्जे से करीब 16 हजार रुपये मूल्य का चांदी का करधन सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया।
वहीं दूसरे मामले में 20 जून को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी टाटा मैजिक वाहन क्रमांक सीजी 12 बी 2852 चोरी हो गई है। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी करण भारद्वाज (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 7 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई टाटा मैजिक वाहन बरामद कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य संभावित मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

