कोरबा। राजस्व अभिलेखों की नकल प्राप्त करने के लिए सरकारी प्रक्रिया निर्धारित होने के बावजूद कटघोरा तहसील कार्यालय में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है।
शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-02 को निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील कार्यालय कटघोरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 श्रीमती मंजू कृष्णा धिरही के खिलाफ आवेदक किशन कुमार ने नकल जारी करने के एवज में अवैध राशि मांगने की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दण्डाधिकारी कटघोरा के समक्ष दर्ज कराई थी। शिकायत के समर्थन में वीडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की गई थी।
मामले की जांच और परीक्षण के दौरान शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई। इसके बाद एसडीएम कटघोरा ने संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए प्रतिवेदन जिला प्रशासन को भेजा।
प्रतिवेदन के परीक्षण के बाद कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने पाया कि संबंधित कर्मचारी का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत है। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए श्रीमती मंजू कृष्णा धिरही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय पोड़ी-उपरोड़ा निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में भ्रष्टाचार, अनियमितता और आम नागरिकों से अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

