नगर निगम की बड़ी योजना; दादरखुर्द, राताखार और रुमगरा-शिवनगर में बनेंगी तीन नई ओवरहेड टंकियां
कोरबा। कोरबा शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। निगम ने कोहड़िया स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (फिल्टर प्लांट) की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है। आगामी दो वर्षों में यह प्लांट प्रतिदिन 22 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पानी का शुद्धिकरण करेगा, जबकि वर्तमान में इसकी क्षमता केवल 6 एमएलडी है।
नगर निगम क्षेत्र के लगातार विस्तार और जनसंख्या वृद्धि के कारण पेयजल की मांग तेजी से बढ़ी है। 67 वार्डों वाले विस्तारित निगम क्षेत्र में लाखों नागरिकों तक पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल पहुंचाना निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में जलापूर्ति संबंधी समस्याओं को देखते हुए निगम ने दीर्घकालिक योजना तैयार की है।
नगर निगम के जलकार्य विभाग के प्रभारी एवं कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह ने बताया कि नई परियोजना के तहत स्थापित होने वाला आधुनिक ट्रीटमेंट प्लांट प्रतिदिन 2 करोड़ 20 लाख लीटर पानी का शुद्धिकरण करने में सक्षम होगा। इससे वर्तमान और भविष्य की जल आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी तथा नागरिकों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
तीन बड़े जलागारों का होगा निर्माण
जलापूर्ति नेटवर्क को और सुदृढ़ बनाने के लिए निगम द्वारा दादरखुर्द, राताखार और रुमगरा-शिवनगर क्षेत्र में उच्च क्षमता वाली तीन ओवरहेड पानी टंकियों का निर्माण भी कराया जाएगा। इन जलागारों की कुल भंडारण क्षमता लगभग 30 लाख लीटर होगी। इनके निर्माण से आसपास के क्षेत्रों की 65 हजार से अधिक आबादी को नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति का लाभ मिलेगा।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई योजना
नगर निगम का मानना है कि आने वाले वर्षों में शहरी क्षेत्र का और विस्तार होगा, जिससे पेयजल की मांग भी बढ़ेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति ढांचे को मजबूत बनाने और क्षमता विस्तार की दिशा में यह महत्वपूर्ण परियोजना तैयार की गई है।
सार्वजनिक उपक्रम भी कर रहे सहयोग
कोरबा में स्थित एनटीपीसी, एसईसीएल, बालको, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी जैसे बड़े सार्वजनिक उपक्रम अपने आवासीय परिसरों में अलग से पेयजल व्यवस्था संचालित करते हैं।
इसके बावजूद शहर की समग्र जलापूर्ति और स्रोत प्रबंधन की मुख्य जिम्मेदारी नगर निगम पर ही है।
नगर निगम की यह महत्वाकांक्षी योजना भविष्य में जल संकट की संभावनाओं को कम करने के साथ-साथ शहरवासियों को बेहतर और नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

