नो पार्किंग में खड़े ट्रक-ट्रेलरों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, व्हील लॉक कर वसूला जुर्माना

कोरबा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने नो पार्किंग जोन में खड़े भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर भवानी मंदिर, ध्यानचंद तिराहा, सर्वमंगला तिराहा और जोड़ा नहर पुल के आसपास खड़े ट्रक एवं ट्रेलरों पर कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान पाया गया कि कई भारी वाहन चालक प्रतिबंधित क्षेत्रों में मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित होने के साथ जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की और जुर्माना वसूला।

यातायात अधिकारियों ने वाहन चालकों और परिवहन व्यवसायियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्गों और नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जाएंगे।