लाठी-डंडों से लैस युवकों का हमला, वायरल वीडियो में कैद हुई वारदात; 7 आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड स्थित रामसागर पारा में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच चल रही दुश्मनी के चलते हुए हमले में बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ले के दो युवकों के बीच करीब 8 से 10 दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के उद्देश्य से रविवार शाम एक युवक अपने साथियों के साथ रामसागर पारा पहुंचा।
आरोपियों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान रवि यादव नामक युवक भी बीच-बचाव के लिए पहुंचा। सामने आए वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रवि यादव झगड़ा रोकने और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक आरोपी ने उनके सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल रवि यादव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद वे दर्री रोड से पावर हाउस रोड की ओर भाग निकले। युवक की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में बस्तीवासी तथा परिजन कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी रंजिशें किस तरह हिंसक रूप लेकर निर्दोष लोगों की जान ले रही हैं। रवि यादव की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

