कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया मेन रोड स्थित उमेंदीभांठा के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ डॉक्टर शक्ति डिक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी दो पसलियां टूट गईं तथा हाथ की एक उंगली फ्रैक्चर हो गई। मामले में नाबालिग चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना के बाद जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदीबाजार निवासी एवं जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. शक्ति डिक्सेना (36 वर्ष) शनिवार रात भोजन करने के बाद अपने निवास जमनीपाली जा रहे थे। इसी दौरान रलिया के आगे देव माइनिंग कंपनी के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार क्रमांक सीजी 12 बीई 1430 ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉक्टर की कार का एयरबैग खुल गया, लेकिन फिर भी उनके सीने में गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकीय जांच में उनकी दो पसलियां टूटने और हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।
डॉ. डिक्सेना ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद जब वे कार से बाहर निकले तो दूसरी कार के चालक ने वाहन पीछे कर उन्हें कुचलने का प्रयास किया। खतरा भांपकर वे सड़क छोड़कर खेत की ओर भागे, जिससे उनकी जान बच सकी। उन्होंने बताया कि यदि वे समय रहते नहीं भागते तो गंभीर अनहोनी हो सकती थी।
घटना की सूचना उन्होंने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद मामले की शिकायत हरदीबाजार थाना में दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार की मालकिन कौशल्या साहू हैं, जिनके परिवार का कोयला परिवहन का व्यवसाय है। आरोप है कि घटना के समय वाहन उनके नाबालिग पुत्र द्वारा चलाया जा रहा था।
हरदीबाजार थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

