कोरबा।अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर कोरबा जिले में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। जिले में विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में नशामुक्ति से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत रेडियो और दूरदर्शन के माध्यम से नशामुक्ति संदेशों का प्रसारण किया जाएगा, वहीं नशा पीड़ित व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर उन्हें नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी जाएगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम, निबंध प्रतियोगिता, संवाद सत्र और प्रेरक व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए योगाचार्यों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम भी होंगे।
प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया जाएगा संदेश
नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर गठित भारत माता वाहिनी भी नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएगी।
प्रशासन का लक्ष्य है कि समाज के हर वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचे और युवाओं को नशे की लत से दूर रखते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

