अपराध रोकथाम के लिए पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान

कोसाबाड़ी, टीपी नगर, सीएसईबी, सुभाष और सुनालिया चौक में कारों व जीपों की डिक्की की जांच

कोरबा। जिले में अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर कारों, जीपों और अन्य चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, यातायात डीएसपी डी.के. सिंह, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, डीएसपी आस्था शर्मा तथा एसआई राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कोसाबाड़ी चौक, टीपी नगर चौक, सीएसईबी चौक, सुभाष चौक और सुनालिया चौक में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान वाहनों की डिक्की, दस्तावेजों और संदिग्ध सामग्री की जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने, अवैध हथियार, नशीले पदार्थ और चोरी की सामग्री की आवाजाही रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों की जांच कर लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।