मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण: विकास और जनकल्याण की योजनाओं से बदली तस्वीर – डॉ. पवन सिंह

कोरबा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के तहत कोरबा अनुविभाग स्तरीय तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का शुभारंभ निगम के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह रहे। अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर डॉ. पवन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कोरबा नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर आठवां स्थान प्राप्त कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं जिला पंचायत के सीईओ दिनेश नाग ने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत कोरबा एवं करतला विकासखंड के हितग्राहियों को आवास की सांकेतिक चाबी और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बीजमोती कंवर, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।