लूट का विरोध करना पड़ा भारी, ट्रक चालक पर जानलेवा हमला

मोबाइल और नकदी नहीं देने पर बदमाशों ने धारदार हथियार से किया वार, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के इमलीडुग्गू इलाके में लूटपाट का विरोध करना एक ट्रक चालक को भारी पड़ गया। मोबाइल और नकदी छीनने में असफल रहने पर दो बदमाशों ने चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुसमुंडा से अडानी पावर प्लांट की ओर कोयला लेकर जा रहा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण इमलीडुग्गू मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान दो युवक चालक जयप्रकाश के पास पहुंचे और उससे मोबाइल फोन तथा नकदी की मांग करने लगे। चालक द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

स्थिति बिगड़ती देख चालक वहां से भागने लगा, लेकिन बदमाशों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पहुंचकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में चालक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। जान बचाने के लिए वह खून से लथपथ हालत में पास के एक मकान में घुस गया। मकान मालिकों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार चालक के सिर पर गंभीर चोट आई है, जहां आठ टांके लगाने पड़े हैं, जबकि पैर में लगी चोट पर दो टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूटपाट के प्रयास और हत्या की कोशिश की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।