कोरबा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘विश्वास, विकास और जनकल्याण’ विषय पर आधारित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ गुरुवार को घंटाघर स्थित स्मृति उद्यान के समीप किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का शुभारंभ राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त सुश्री लखनी साहू के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत फीता काटकर की गई। इसके पश्चात भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
12 वर्षों की उपलब्धियों का प्रदर्शन
प्रदर्शनी में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, स्वच्छता, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और आधारभूत संरचना विकास से जुड़े कार्यों को चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
मुख्य अतिथि लखनी साहू ने कहा कि पिछले 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इन वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है और उनके 12 वर्षों का कार्यकाल देश के लिए गौरव का विषय है। महापौर संजू देवी राजपूत ने भी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
एलईडी स्क्रीन बनी आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी स्थल पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी पहलों पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

