वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 306 नग अवैध चिरान जब्त

लेमरू और कुटुरूवां में पांच ठिकानों पर दबिश, 5 लाख से अधिक की लकड़ी बरामद

कोरबा। कोरबा वनमंडल के वन परिक्षेत्र लेमरू में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 306 नग अवैध चिरान जब्त किए हैं। ग्राम लेमरू और कुटुरूवां में पांच संदिग्ध ठिकानों पर की गई दबिश के दौरान लगभग 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य की लकड़ी बरामद हुई।

वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देशन में उप वनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया एवं दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी की निगरानी में संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व वन परिक्षेत्राधिकारी लेमरू देवव्रत सिन्हा ने किया। उनके साथ बालको के जयंत सरकार, पसरखेत के देवदत्त खांडे और कुदमुरा की विक्रांता सिंह कंवर भी मौजूद रहे।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग ने सर्च वारंट प्राप्त कर ग्राम लेमरू और कुटुरूवां के पांच घरों में दबिश दी। जांच के दौरान साल, बीजा सहित अन्य मूल्यवान प्रजातियों की बड़ी मात्रा में अवैध चिरान बरामद की गई, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया।

वन विभाग के अनुसार कार्रवाई में कुल 5.534 घनमीटर लकड़ी चिरान जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक है। अभियान में थाना लेमरू पुलिस और वन विभाग के करीब 30 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही।

वन अधिकारियों ने बताया कि मामले में वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संयुक्त वन प्रबंधन समिति लेमरू के सदस्यों ने भी सहयोग किया। वन विभाग की इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ ऐसे अभियान लगातार चलाने की मांग की है।