बाँकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा क्षेत्र में पिछले 10-12 दिनों से कोहड़िया जल संयंत्र से संचालित टेपनल जलापूर्ति व्यवस्था बाधित होने के कारण उत्पन्न पेयजल संकट को लेकर विपक्षी पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है।
विपक्षी पार्षदों ने कलेक्टर कोरबा एवं नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की। साथ ही उन्होंने कोहड़िया जल संयंत्र का निरीक्षण कर जल वितरण व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
ज्ञापन में पार्षदों ने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण कई वार्डों में पेयजल संकट गहरा गया है। उन्होंने मांग की कि दिन में दो बार नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए और सुबह 3-4 बजे होने वाली आपूर्ति को निर्धारित समय पर शुरू किया जाए। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आम जनता के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। समस्या को 10 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
पार्षद राकेश अग्रवाल,संदीप डहरिया,राजकुमारी बंसी दास एवं इंद्रजीत बिंझवार सहित अन्य पार्षदों ने संयुक्त रूप से कहा कि पानी की कमी से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो सभी पार्षद आम जनता के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास के साथ पार्षद राकेश अग्रवाल,संदीप डहरिया,राजकुमारी बंसी दास, इंद्रजीत बिंझवार,नंदलाल,बबलू मारवा,कमल चंद्रा,धनंजय राठौर, खगेश कर्ष सहित बड़ी संख्या में पार्षद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

