पथ विक्रेताओं के सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम है पीएम स्वनिधि योजना: महापौर संजुदेवी राजपूत

कोरबा।जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव व लोक कल्याण मेला में महापौर श्रीमती संजुदेवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना पीएम स्वनिधि सड़क किनारे एवं गली-मोहल्लों में व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं और लघु व्यवसायियों के लिए वरदान साबित हो रही है।

महापौर ने कहा कि निगम द्वारा पथ विक्रेताओं के लिए वेंडिंग जोन बनाए गए हैं और आगे भी इस दिशा में कार्य जारी रहेगा। उन्होंने पथ विक्रेताओं को योजना का लाभ लेने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कोरबा प्रदेश में नंबर-1
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में कोरबा पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर है। वर्ष 2030 तक दिए गए लक्ष्य का 85 प्रतिशत लक्ष्य पहले ही हासिल कर लिया गया है।

सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने बैंकों से आग्रह किया कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ पथ विक्रेताओं तक पहुंचाएं।

वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन व अशोक चावलानी ने भी योजना की सराहना करते हुए पथ विक्रेताओं को ऋण का सदुपयोग कर व्यवसाय बढ़ाने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना, आयुष्मान भारत, पीएम सुरक्षा बीमा, जनधन, उज्ज्वला, अटल पेंशन आदि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

हितग्राहियों का सम्मान
महापौर श्रीमती संजुदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित अन्य अतिथियों ने पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों उमा द्विवेदी, सावित्री यादव, अनीता कुर्रे, पवन कुमार व अन्य को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, बैंक अधिकारी व बड़ी संख्या में पथ विक्रेता व लघु व्यवसायी उपस्थित रहे।

निगम अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।