सुरक्षित और निर्बाध कोयला उत्पादन पर दिया जोर, अत्याधुनिक प्रशिक्षण सिम्युलेटर का किया उद्घाटन
कोरबा। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने गेवरा मेगा परियोजना का व्यापक निरीक्षण कर मानसून तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और उत्पादन गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान सुरक्षित एवं निर्बाध कोयला उत्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने डीईपी, केजेएसएल, देव माइनिंग, सैनिक माइनिंग तथा पीएनसी पैच सहित विभिन्न कार्यस्थलों का दौरा किया। उन्होंने कोयला उत्पादन एवं ओवरबर्डन रिमूवल (ओबीआर) कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा 42 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले शॉवेल के संचालन का निरीक्षण करते हुए उत्पादकता और परिचालन दक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।
मानसून को देखते हुए श्री दुहन ने खदान क्षेत्र के विभिन्न पंपिंग स्टेशनों और जल निकासी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति से बचने के लिए प्रभावी ड्रेनेज और डी-वाटरिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि खनन कार्य प्रभावित न हो।
सीएमडी ने कहा कि मानसून अवधि में उत्पादन बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों के नियमित प्रशिक्षण, सतत निगरानी और सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया। इस दौरान उन्होंने उत्पादन, उत्पादकता, ओबीआर और कोयला डिस्पैच की प्रगति की भी समीक्षा की।
दौरे के दौरान श्री दुहन ने गेवरा वर्कशॉप में डंपर ऑपरेटरों के कौशल विकास के लिए जेमको द्वारा स्थापित अत्याधुनिक प्रशिक्षण सिम्युलेटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण से ऑपरेटरों की कार्यकुशलता और सुरक्षा दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
निरीक्षण के दौरान गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय मिश्रा, महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्रीकांत दास,महाप्रबंधक (उत्खनन) दीपक कुमार, महाप्रबंधक (सुरक्षा) प्रकाश राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

