कोरबा। एनटीपीसी कोरबा द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत संचालित बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) 2026 के सातवें संस्करण का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अभियान में आसपास के 36 गांवों एवं शहरी क्षेत्रों के 41 विद्यालयों से चयनित 123 बालिकाओं ने भाग लिया। एक माह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम ने बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और जीवनोपयोगी मूल्यों का विकास किया।
समापन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रतिभागी बालिकाओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों, रचनात्मक परियोजनाओं और सीखने की उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने सभी अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
एनटीपीसी कोरबा के बिजनेस यूनिट हेड के.सी. पात्रा ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण का समापन नहीं, बल्कि 123 नई सफल यात्राओं की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़ी बालिकाएं अब आत्मविश्वास, ज्ञान और सकारात्मक सोच के साथ अपने समुदायों में परिवर्तन की वाहक बनेंगी।
कार्यक्रम के दौरान बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें एक माह की गतिविधियों और बालिकाओं में आए सकारात्मक बदलावों को दर्शाया गया। दो प्रतिभागी बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस अभियान ने उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य के सपनों को नई दिशा दी है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। गणेश एवं सरस्वती वंदना, आत्मरक्षा प्रदर्शन, योग प्रदर्शन तथा यूवी शो ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। वहीं “प्राइड ऑफ इंडिया” थीम पर आधारित प्रस्तुति में भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय प्रतीकों और गौरवशाली पहचान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
श्री पात्रा ने कहा कि बालिकाओं का सशक्तिकरण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों, मैत्री महिला समिति, प्रशिक्षकों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, सीआईएसएफ कर्मियों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि “हर सशक्त बालिका अपने परिवार की शक्ति, समाज की प्रेरणा और राष्ट्र की प्रगति की सहभागी होती है।” इसी सोच के साथ एनटीपीसी कोरबा लगातार बालिकाओं के विकास और सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रहा है।
समारोह का समापन प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ
“जब एक बालिका सशक्त होती है, तो परिवार प्रगति करता है, समुदाय समृद्ध होता है और राष्ट्र मजबूत बनता है।”
एनटीपीसी कोरबा ने इस अवसर पर एक बार फिर “सशक्त बालिकाएं, सशक्त राष्ट्र” के अपने संकल्प को दोहराया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

