कोरबा।पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नोनबिर्रा (खलारीपारा) में वन विभाग और पुलिस की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आदिवासी ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग के कर्मचारियों ने पुलिस बल के साथ मिलकर बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के उनके पक्के और कच्चे मकानों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया, जिससे कई परिवार बेघर हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम से ठीक पहले की गई इस कार्रवाई ने गरीब परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। उनका आरोप है कि कार्रवाई के दौरान विरोध करने पर घरों में मौजूद महिलाओं के साथ हाथापाई और दुर्व्यवहार किया गया। महिलाओं को घसीटकर बाहर निकालने से कई लोगों को चोटें भी आई हैं।
पीड़ित ग्रामीणों ने पाली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वे गोंड जनजाति से संबंधित हैं और पीढ़ियों से उक्त भूमि पर निवास कर रहे हैं।
बिना वैकल्पिक व्यवस्था, पुनर्वास या कानूनी प्रक्रिया पूरी किए इस प्रकार मकानों को तोड़ना अन्यायपूर्ण और अमानवीय है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग एवं पुलिस के जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा महिलाओं के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही बेघर हुए परिवारों के लिए तत्काल आवास, राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

