चार अनुविभागों में 18 से 20 जून तक लगेंगे वृहद पंजीयन शिविर

कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

कोरबा। जिले के सभी चार अनुविभागों में 18 से 20 जून तक तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से इन शिविरों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम को शिविरों के लिए उपयुक्त स्थलों का शीघ्र चयन करने तथा आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिविरों में नए पंजीयन, त्रुटि सुधार, शिकायतों के त्वरित निराकरण और विभिन्न योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति और टीएल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा समय पर खाद उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इसके अलावा जुलाई माह के खाद्यान्न आबंटन एवं भंडारण की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक उचित मूल्य दुकान और सोसायटी में माह के अंत तक पर्याप्त खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और लैंड सीडिंग के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने को भी कहा।

कलेक्टर ने नगरीय निकायों में अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों का पंजीयन कर उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। वहीं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत स्ट्रीट वेंडरों की पहचान कर उन्हें भी योजनाओं से जोड़ने के लिए कहा।

बैठक में वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।