आयुक्त ने अधिकारियों की बैठक में दिखाई सख्ती, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
कोरबा। नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सोमवार को अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न जनशिकायतों एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निराकरण में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में निगम के कोरबा, टीपीनगर, कोसाबाड़ी, पंडित रविशंकर नगर, बालको, दर्री और सर्वमंगला जोन से प्राप्त स्ट्रीट लाइट, पेयजल, स्वच्छता, साफ-सफाई, अवैध कब्जा, अतिक्रमण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कलेक्टर टीएल, निगम टीएल, जनदर्शन, निदान- 1100, प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय तथा सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों और शिकायतों की भी बिंदुवार समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ एवं भूषण उरांव, लेखाधिकारी भवकांत नायक, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह सहित विभिन्न जोनों के जोन कमिश्नर और निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

