जसमीत सिंह छाबड़ा को मिला सरदार पटेल एकता पुरस्कार 2026

वित्तीय जागरूकता और पर्सनल फाइनेंस शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुए सम्मानित

कोरबा। कोरबा निवासी एवं वित्तीय शिक्षाविद् जसमीत सिंह छाबड़ा को वित्तीय शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सरदार पटेल एकता पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें “मोस्ट आउटस्टैंडिंग पर्सनल फाइनेंस कोच” श्रेणी में यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

यह सम्मान ऐसे व्यक्तियों और संस्थाओं को दिया जाता है, जिन्होंने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, व्यापार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हों। जसमीत सिंह छाबड़ा को व्यक्तिगत वित्त प्रबंधन, निवेश जागरूकता और वित्तीय साक्षरता के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों के लिए चयनित किया गया।

कोरबा में आयोजित प्रेस वार्ता में जसमीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि वे पिछले 22 वर्षों से बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र में एक वरिष्ठ कॉर्पोरेट प्रोफेशनल के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे पिछले दो वर्षों से “जसमीत छाबड़ा फाइनेंस” नाम से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों को वित्तीय शिक्षा, निवेश संबंधी जानकारी और धन प्रबंधन के गुर सिखा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आम लोगों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है, ताकि लोग सही निवेश निर्णय लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ समाज में वित्तीय शिक्षा का प्रसार करने के लिए प्रेरित करेगा।