जलाराम मंदिर में मातृशक्ति ने की अन्न मंडल पूजा

अधिमास समापन पर दीपों से जगमगाया मंदिर, सुख-समृद्धि की हुई कामना

कोरबा। पावन अधिमास के समापन अवसर पर स्थानीय संत श्री जलाराम राम दरबार मंदिर में गुजराती ब्रह्म समाज एवं श्री गुजराती समाज महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में भक्ति एवं श्रद्धा से ओतप्रोत धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान मातृशक्ति ने विधि-विधान से अन्न मंडल पूजा कर देश, प्रदेश, समाज और परिवार की सुख-समृद्धि एवं सर्वकल्याण की कामना की।

मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में महिलाओं ने आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की। पूजन के दौरान समाज में सुख, शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। इसके पश्चात सामूहिक महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

धार्मिक कार्यक्रम के बाद महिलाओं ने मंदिर परिसर को सैकड़ों दीपों से सजाया। शाम होते ही संत श्री जलाराम राम दरबार मंदिर दीपों की अलौकिक रोशनी से जगमगा उठा।

दीपमालिका से सुसज्जित मंदिर का मनोहारी दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

महिला मंडल की सदस्यों ने बताया कि अधिमास सनातन धर्म में अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। इस माह में किए गए दान, जप, तप, पूजा-पाठ और सेवा कार्यों का विशेष महत्व होता है तथा इसका फल कई गुना अधिक प्राप्त होता है।